बक्सर । एनएच-922 पर ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ के समीप सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। यह दुर्घटना साइकिल और बाइक सवारों के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, गरहथा कला निवासी लाल मोहर बिंद (51 वर्ष), पिता रामनाथ बिंद साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गरहथा खुर्द निवासी भोला पासवान, पिता राम बलिराम अपनी बाइक से साथी भगत राम (35 वर्ष), पिता जंबू राम के साथ लौट रहे थे। रामगढ़ के पास अचानक दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि साइकिल सवार लाल मोहर बिंद और बाइक चालक भोला पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे भगत राम गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्ष ब्रह्मपुर से अपने गांव लौट रहे थे और तेज रफ्तार के साथ सड़क पर संतुलन बिगड़ने से यह टक्कर हुई।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजने की तैयारी शुरू की। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से घायल भगत राम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति नाजुक बताई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और घायल को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...























0 Comments