बक्सर । जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर दिनांक 16 से 20 सितंबर 2025 तक आयोजित चार दिवसीय “घर-घर अधिकार” अभियान का समापन आज हुआ। इस कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. मनोज पांडे ने किया, जिसमें बक्सर विधानसभा क्षेत्र के अर्जुनपुर, दारहपुर, चुरामनपुर, साहोपारा, बालापुर, गगौरा, गडनी, रामोवरिया, दहिवर, मझरिया, सोनबरसा, नाट, बड़कागांव, उपाध्यायपुर, पांडेपुर, जगदरा, कोठिया और उमरपुर समेत कुल 48 गांवों का दौरा किया गया।
डॉ. पांडे ने बताया कि चार दिनों के दौरान गांववासियों से मिले अपार प्रेम और आशीर्वाद उन्हें यादगार और अभूतपूर्व लगे। उन्होंने कहा कि लोगों में राहुल गांधी के प्रति जोश और उत्साह स्पष्ट रूप से देखा गया। ग्रामीण जागरूक होकर राहुल गांधी के नेतृत्व और सिद्धांतों के साथ चलने का संकल्प ले रहे हैं।
डॉ. पांडे ने आगे कहा कि इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस की पांच गारंटी घर-घर पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और महागठबंधन की ओर से यह गारंटी दी गई है कि सरकार बनने पर प्रत्येक गरीब को ₹2500, तीन से पांच डिसमिल जमीन, मुफ्त बिजली और वृद्धा पेंशन ₹1500 प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में बक्सर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. प्रमोद ओझा ने भी कहा कि राहुल गांधी द्वारा किए गए वादे पूरे किए जाएंगे। जहाँ कांग्रेस या गठबंधन की सरकार है, वहां गरीबों, छात्रों को कंप्यूटर और टैबलेट उपलब्ध कराया जाएगा और 25 लाख तक सरकारी या गैर-सरकारी इलाज मुफ्त किया जाएगा।
इस अभियान में एससी/एसटी बक्सर-राजपुर के प्रभारी घनश्याम सहाय, वीरेंद्र राम, जिला पंचायती राज प्रकोष्ठ अध्यक्ष जयराम राम, भोला ओझा, विनय कुमार सिंह, संजय कुमार पांडे, अभय मिश्रा, रोहित उपाध्याय, अजय यादव, भृगु नाथ तिवारी, श्रीमती रूनी देवी, श्रीमती कुमकुम देवी, मुन्ना पांडे, संजय यादव सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
डॉ. पांडे ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और परिवारों से आग्रह किया कि वे घर-घर जाकर राहुल गांधी के संदेश और कांग्रेस की पांच गारंटी को आम जनता तक पहुँचाएँ और पार्टी को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा, “जनता की सेवा ही हमारा धर्म है, और यह सेवा हर रग-रग में हम महसूस करते हैं।” यह चार दिवसीय अभियान बक्सर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के जनसंपर्क और ग्रामीण जागरूकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...





















0 Comments