बक्सर । महज 10 दिनों के भीतर बक्सर जिला क्रिकेट संघ (BDCA) में दूसरा चुनाव संपन्न हो गया। रविवार को शहर के सुमेश्वर स्थान बगीचा मैरिज लॉन में आयोजित एजीएम एवं चुनावी बैठक में राकेश राय उर्फ कल्लू राय को सर्वसम्मति से संघ का नया अध्यक्ष चुना गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कुमार अग्रवाल ने की। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता एवं निर्वाचन पदाधिकारी कृपा शंकर की देखरेख में सभी पदों के लिए निर्विरोध चुनाव हुआ। इसमें नंदकुमार तिवारी उपाध्यक्ष, राजकुमार राय सचिव, योगेश राय संयुक्त सचिव और विजय कुमार मिश्रा कोषाध्यक्ष चुने गए। वही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मौके पर प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कहा कि पिछला चुनाव गलत तरीके से कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस चुनावी टीम में दो सदस्य अन्य जिले से जुड़े थे, जबकि जिला क्रिकेट संघ में केवल स्थानीय सदस्यों को ही भागीदारी का अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ की वास्तविक जिम्मेदारी अक्टूबर तक उन्हीं के पास है।
बैठक में सुमित मानसिहंका, नेयमतुल्ला फरीदी, जयप्रकाश राय, निसार अहमद, अभिषेक कुमार, अंजनी केसरी, राकेश कुमार, दीपक जायसवाल, चंद्र किशोर प्रसाद, नागेश गुप्ता, संदीप अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बता दें कि बक्सर क्रिकेट संघ में लगातार हो रहे चुनावों से संगठन के भीतर गुटबाजी और विवाद गहराने के संकेत मिल रहे हैं। बक्सर जिला क्रिकेट संघ (BDCA) में 10 दिनों में दो-दो चुनाव होना यह दर्शाता है कि संगठन में अंदरूनी गुटबाजी चरम पर है। जब पदाधिकारियों को लेकर विवाद बढ़ता है, तो क्रिकेट टूर्नामेंट, चयन प्रक्रिया और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण शिविर प्रभावित होते हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और करियर पर सीधा असर पड़ता है क्योंकि प्रशासनिक अस्थिरता खेल विकास को रोक देती है। एक ही संगठन से दो अध्यक्ष और दो अलग-अलग टीम सामने आने से BDCA की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं। इससे जिला से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चयन प्रक्रिया में भी भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।
माना जा रहा है कि यदि यह विवाद जल्द नहीं सुलझा तो जिला स्तर पर क्रिकेट गतिविधियाँ ठप हो सकती हैं। जरूरी है कि बिहार क्रिकेट संघ (BCA) या उच्चस्तरीय समिति दखल देकर स्थिति को स्पष्ट करे। कुल मिलाकर, बक्सर क्रिकेट संघ की इस खींचतान का खामियाजा सबसे ज्यादा स्थानीय युवा खिलाड़ियों को भुगतना पड़ सकता है, जिनका सपना बड़ा क्रिकेट खेलने का है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments