Ad Code

राहत की खबर : चौसा–मोहनिया मार्ग पर चार दिन बाद शुरू हुआ आवागमन



बक्सर । गंगा और सहायक नदी कर्मनाशा में आई बाढ़ से चौसा–मोहनिया मार्ग पर पिछले चार दिनों से यातायात पूरी तरह ठप पड़ा था। सौ गज लंबाई तक सड़क पर करीब तीन फीट पानी चढ़ जाने से प्रशासन ने बैरिकेटिंग कर इस मार्ग से वाहनों का आवागमन रोक दिया था। इससे चौसा और मोहनिया के बीच आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय निवासी आवश्यक कार्यों के लिए नाव या फिर लंबा चक्कर काटकर अन्य रास्तों से आवागमन को मजबूर थे।


शुक्रवार की शाम राहत भरी खबर आई, जब गंगा और कर्मनाशा का जलस्तर घटने लगा और सड़क पर जमा पानी काफी हद तक उतर गया। जलस्तर घटते ही प्रशासन ने बैरिकेटिंग हटाकर वाहनों के आवागमन की अनुमति दे दी। इसके साथ ही चौसा–मोहनिया मार्ग पर यातायात सामान्य होने लगा। सड़क पर पानी उतरने से स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों में खुशी देखी गई, क्योंकि इससे सामान की आपूर्ति और रोजमर्रा के कामकाज में आसानी होगी।




स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बाढ़ का पानी बढ़ने के कारण कई गांवों का संपर्क टूट गया था। चौसा से मोहनिया की ओर जाने वाले लोग या तो घंटों इंतजार करते थे या फिर अतिरिक्त खर्च और समय लगाकर वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेते थे। अब पानी घटने से आवागमन शुरू होना न केवल आमजन के लिए राहत है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी सहायक साबित होगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर अभी भी बचा हुआ हल्का कीचड़ और फिसलन को देखते हुए सावधानीपूर्वक यात्रा करें। हालांकि, बाढ़ का खतरा पूरी तरह टलने तक निगरानी जारी रहेगी।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu