Ad Code

महदह गांव में जन सुराज कार्यकर्ता पर हमला, मुखिया प्रतिनिधि समेत कई पर केस दर्ज


बक्सर । जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित महदह गांव में मंगलवार को जन सुराज वाहिनी के कार्यकर्ता के साथ मारपीट और धमकी देने की घटना सामने आई है। मामले में पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मुखिया प्रतिनिधि सुशील कुमार यादव समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।


जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर घटहो निवासी ओमप्रकाश (पिता अजय नारायण महतो) मंगलवार दोपहर महदह पंचायत के पासवान टोली मंदिर के समीप “परिवार लाभ कार्ड” बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मुखिया के पति एवं प्रतिनिधि सुशील यादव अपने तीन-चार समर्थकों के साथ पहुंचे और कार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने ओमप्रकाश को थप्पड़ मारते हुए धमकी दी कि यदि गांव में कार्ड बनाने की कोशिश की तो जान से हाथ धो बैठोगे।


पीड़ित ओमप्रकाश ने बताया कि हमलावरों ने तंज कसते हुए कहा कि “20 हजार रुपये महीना तुम दोगे या जन सुराज देगा? जनता को बेवकूफ मत बनाओ।” घटना के वक्त मौके पर कई लोग मौजूद थे जिनमें भागलपुर के श्याम सुंदर कृष्णन, मुजफ्फरपुर के राजकुमार कुशवाहा और संजीव सिंह शामिल हैं। सभी गवाह पुलिस को बयान देने को तैयार हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, मुखिया प्रतिनिधि सुशील यादव दबंग प्रवृत्ति के व्यक्ति माने जाते हैं, जिससे आम लोग भयभीत रहते हैं। मामले की पुष्टि करते हुए मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 





Post a Comment

0 Comments

Close Menu