बक्सर । सिमरी प्रखंड के डुमरी पंचायत के मुखिया प्रेम सागर कुँवर द्वारा जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मौजा-डुमरी के किसानों की गंभीर समस्या से अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि सिमरी अंचल अंतर्गत मौजा-डुमरी का आरएस खतियान वर्ष 2008 में तैयार हुआ था। इसके आधार पर वर्ष 2016 तक यहां के रैयत बिना किसी परेशानी के ऑफलाइन माध्यम से लगान की रसीद कटवाते रहे।
मुखिया ने कहा कि वर्ष 2016 में लगान रसीद काटने की प्रक्रिया ऑनलाइन होने के बाद अचानक स्थिति बदल गई। ऑनलाइन प्रणाली लागू होने के साथ ही मौजा-डुमरी के लगभग 80 प्रतिशत रैयतों के खातों का लगान रसीद कटना बंद हो गया। इस कारण किसानों को विभिन्न तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भूमि संबंधी कार्यों, ऋण प्राप्ति, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अन्य राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं में रसीद की अनिवार्यता के चलते किसान परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित पदाधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। ज्ञापन के माध्यम से मुखिया ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
मुखिया प्रेम सागर कुँवर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो किसानों के साथ मिलकर आंदोलन की राह अपनाई जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि तकनीकी या राजस्व संबंधी जो भी बाधाएं हैं, उन्हें दूर कर ऑनलाइन रसीद कटने की प्रक्रिया को सुचारू किया जाए, ताकि मौजा-डुमरी के किसानों का राजस्व भुगतान निर्बाध रूप से हो सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments