बक्सर । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से लाभान्वित होकर बक्सर जिले के दलसागर पंचायत अंतर्गत तिवारीपुर गांव के उपभोक्ताओं ने सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। मंगलवार को मुख्यमंत्री द्वारा संचालित उपभोक्ता संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योजना को जनहित में ऐतिहासिक बताया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपभोक्ताओं से सीधे फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। इस मौके पर तिवारीपुर के उपभोक्ताओं ने कहा कि पहले हर महीने भारी-भरकम बिजली बिल भरना पड़ता था, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति पर दबाव पड़ता था, लेकिन 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से अब न केवल आर्थिक राहत मिली है, बल्कि बिजली आपूर्ति भी सुचारू और स्थिर हुई है।
कार्यक्रम स्थल का नेतृत्व बक्सर ग्रामीण के एसडीओ रवि राज ने किया। उन्होंने उपस्थित उपभोक्ताओं को योजना की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि सरकार का उद्देश्य गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को बिजली खर्च से राहत देना है, ताकि उनकी आमदनी का बड़ा हिस्सा अन्य जरूरतों में उपयोग हो सके।
स्थल पर हजारों की संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे, जिनमें महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। ग्रामीणों ने कहा कि यह योजना न केवल आर्थिक बोझ घटा रही है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई, छोटे व्यवसाय और घरेलू कार्यों में भी सहूलियत प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान कई उपभोक्ताओं ने सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह पहल गांवों के विकास और जीवन स्तर सुधार की दिशा में अहम कदम है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत रहेगी और जल्द ही सोलर लाइट योजना भी लागू की जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...















0 Comments