Ad Code


बक्सर के युवक को भोजपुर जिले के पीरो में अपराधियों ने गोली मार की हत्या,साल भर पहले हुई थी शादी,बैंककर्मी था मृतक- pokharaha-bagen




(बक्सर ऑनलाइन न्यूज़):-  बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत बगेन थाना क्षेत्र के पोखराहा गाँव के एक युवक को भोजपुर जिले में हथियार बंद अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना तरारी थाना अन्तर्गत पीरो-सेदहां नहर पथ पर नोनार कटहवा पुल के समीप हुई।मृतक की पहचान विजय प्रसाद (26 वर्षीय),पिता- भोला प्रसाद,गाँव-पोखराहां ,थाना-बगेन जिला बक्सर के रूप में हुई। घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के मुताबिक मृतक वर्तमान में भोजपुर जिले के पीरो बंधन बैंक में कार्यरत था। बैंककर्मी का शव मंगलवार को ही मिला था, लेकिन पुलिस शुरू में इसे सड़क हादसा मान रही थी। मंगलवार की रात में पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि उसकी हत्‍या की गई है। मृतक के सिर से गोली (बुलेट का हिस्‍सा) मिली है। पुलिस शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना में मौत बता रही थी।  

वर्तमान में मृत बैंक कर्मी का परिवार बक्सर जिले के रघुनाथपुर वार्ड नंबर एक में स्थित रेलवे फाटक के पास मकान बनाकर 10 वर्षों से रहता है। मृतक विजय प्रसाद करीब 11 महीने से पीरो में कार्यरत थे। उनकी शादी 13 दिसंबर 2020 को बिहिया के बेलवनिया निवासी प्रीति कुमारी से हुई थी। पत्नी बिहार पुलिस में भागलपुर में पदस्थापित हैं। पत्नी गर्भवती बतायी जा रही है।

घटनास्थल से स्थानीय पुलिस को मृतक के पास से 45 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल , पैन कार्ड, आधार कार्ड, डीएल पर्स पैन सहित कई अन्य कागजात मिले। शुरुआती जांच में लूटपाट का विरोध करने पर गोली मारने व पुरानी रंजिश से घटना को जोड़कर देखा जा रहा है। मृतक के सिर, ललाट व चेहरे के भाग में गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं। बाइक की स्थिति सामान्य थी। इधर, पीरो डीएसपी राहुल सिंह ने पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर से गोली का पिलेट मिलने की पुष्टि की है। उनके अनुसार शुरूआती जांच में दुर्घटना प्रतीत हो रहा था। शुरुआत में गोली के जख्म का कोई निशान नहीं मिला था। पोस्टमार्टम के दौरान इसका खुलासा हुआ है।

पीरो के बंधन बैंक में आरओ के पद पदस्थापित विजय प्रसाद रोज की तरह मंगलवार को कैश कलेक्शन करने के लिए तरारी की ओर निकले थे। पास में बैग व लैपटॉप भी था। इस दौरान अपराह्न करीब दो बजे के आसपास पीरो-संदेहा पथ पर नोनार कटहवा पुल के समीप खून से लथपथ हालत में शव पड़ा देख राहगीरों ने इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दी। यह भी सूचना दी गई कि गोली लगा प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलने ही महकमे में खलबली मच गई थी। तरारी थाना पुलिस के अलावा पीरो डीएसपी तक वहां पहुंच गए थे। पास से मिले पहचान पत्र से मृतक की शिनाख्त हो सकी। बाद में सूचना मिलने पर पीरो के साथी बैंककर्मी भी वहां पहुंच गए। काफी देर गोली के जख्म को खोजा गया, लेकिन नहीं मिला। घटनास्थल पर छानबीन के बाद पुलिस हादसे में मौत होना बता रही थी, जबकि स्वजन हत्या की आशंका जता रहे थे।

 घटना की खबर सुनकर मृतक के परिजनों के घर मातम छा गया। वही मृतक के घर पोखराहा पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया श्रीभगवान सिंह के साथ समाजसेवी सजंय यादव सहित कई लोग पहुँचे जहाँ सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। वही बगेन थानाध्यक्ष अजय कुमार रजक ने बताया कि घटना की जानकारी स्थानीय लोगों एवं चौकीदार से उन्हें मिली है लेकिन मृतक के परिजनों के तरफ से उन्हें कोई सूचना नही दी गई है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मृतक थानाक्षेत्र के पोखराहा गाँव का ही रहनेवाला था।


................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com

ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक.... 





 

Post a Comment

0 Comments

Close Menu