Ad Code

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने उमड़े श्रद्धालु, शांतिपूर्ण माहौल में बक्सर में मना छठ महापर्व, रामरेखा घाट पर पहली बार गंगा की लहरों पर दिखा लेजर शो,छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, डीएम-एसपी समेत वरीय अधिकारियों ने नाव से लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, जनप्रतिनिधियों ने भी घाटों पर पहुंचकर व्रतियों को किया नमन


बक्सर । लोक आस्था का महापर्व छठ बक्सर जिले में रविवार को हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरे जिले में सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

इस वर्ष शहर के रामरेखा घाट को जिला प्रशासन और नगर परिषद की ओर से मॉडल छठ घाट के रूप में विकसित किया गया है। घाट पर पहली बार गंगा की लहरों के बीच वाटर स्क्रीन पर लेजर शो के माध्यम से छठ महापर्व की महिमा और धार्मिक प्रसंगों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।



छठ पर्व के दौरान जिलाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, डीडीसी निहारिका छवि, एडीएम अरुण कुमार सिंह, एसडीएम अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय समेत कई वरीय अधिकारियों ने नाव से विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, कांग्रेस, भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी नाव से घाटों का भ्रमण कर छठ व्रतियों को नमन किया और पर्व की शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी साहिला ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की बधाई देते हुए कहा कि संध्याकालीन अर्घ्य शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर मुस्तैद हैं। प्रशासन की ओर से लगातार सभी व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कहा कि जिले के सभी घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कहीं से भी किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है। संध्याकालीन अर्घ्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि अगले दिन सुबह के अर्घ्य के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने जिलेवासियों को छठ की शुभकामनाएं देते हुए छठी मईया से सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। भाजपा नेता अमित पांडेय ने भी जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं और बिहार की तरक्की की कामना की। वहीं, रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण तिवारी ने छठ घाटों पर की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस की ओर से घाटों पर सहायता शिविर लगाए गए हैं। इस बार जिला प्रशासन की व्यवस्था बेहतर रही है।


नगर परिषद की चेयरमैन कमरून निशा ने कहा कि उन्होंने स्वयं विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया है। सभी जगह उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा हो रही है तथा व्यवस्थाएं बेहतर हैं। वहीं, चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी ने बताया कि नगर परिषद की ओर से सभी 32 छठ घाटों पर बेहतर व्यवस्था की गई है। रामरेखा घाट को इस वर्ष आदर्श छठ घाट के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष सभी घाटों को मॉडल घाट की तर्ज पर सजाने और विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

इस मौके पर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने जिलेवासियों और छठ व्रतियों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के नेता-कार्यकर्ता नाव के माध्यम से विभिन्न घाटों पर पहुंचकर छठ महापर्व में शामिल हो रहे हैं। विधायक ने कहा कि छठ का उत्साह अब पूरे देश में दिखाई दे रहा है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से लेकर हर जगह छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। बिहार का यह लोक आस्था का महापर्व अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu