Ad Code

सोनवर्षा थाना घेराव में डॉ. राजीव कुमार यादव ने भरी हुंकार, बोले- निर्दोष ग्रामीणों को न्याय मिलने तक जारी रहेगी लड़ाई



- फर्जी मुकदमे के खिलाफ हजारों ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन में हुए शामिल, पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई और मुकदमा वापस लेने की उठाई मांग

बक्सर । सोनवर्षा थाना क्षेत्र के ग्रामीणों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमे के खिलाफ बुधवार को भाकपा (माले) के आह्वान पर आयोजित थाना घेराव कार्यक्रम में नावानगर के जिला परिषद सदस्य सह राजद नेता डॉ. राजीव कुमार यादव ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने हजारों की संख्या में जुटे ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने निर्दोष ग्रामीणों को न्याय दिलाने और कथित फर्जी मुकदमे को वापस लेने की मांग की।

डॉ. राजीव कुमार यादव ने कहा कि गरीबों और निर्दोष ग्रामीणों को मुकदमों में फंसाकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश न्यायसंगत नहीं है। यदि प्रशासन की ओर से भी मुकदमे को फर्जी मानने की बात सामने आई है, तो फिर उसे वापस लेने में देरी क्यों हो रही है? उन्होंने मांग की कि मामले में जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा निर्दोष ग्रामीणों को तत्काल राहत दी जाए।



उन्होंने कहा कि न्याय और सम्मान के लिए संघर्ष कर रहे ग्रामीणों के साथ खड़ा होना उनकी जिम्मेदारी है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को बेवजह कानूनी प्रक्रिया में उलझाना उसके परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। इसलिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ मामले का समाधान करना चाहिए। उन्होंने आंदोलनकारियों से एकजुट रहकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को मजबूती से उठाने की अपील की।

गौरतलब है कि थाना घेराव कार्यक्रम में हजारों की संख्या में माले कार्यकर्ता, ग्रामीण और आम नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बाजार में जुलूस निकालकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मुकदमे की वापसी की मांग की। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने भी चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो इससे बड़ा जनांदोलन खड़ा किया जाएगा।




सभा की संयुक्त अध्यक्षता कॉमरेड रामदेव सिंह एवं कन्हैया महतो ने की, जबकि संचालन धर्मेंद्र सिंह ने किया। मामले के सूचक बृज नट और गवाह किरण नट ने भी घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष रखा।

प्रदर्शन के बाद पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मुलाकात कर मुकदमे की वापसी, निर्दोष ग्रामीणों को न्याय और जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. राजीव कुमार यादव सहित अन्य नेता शामिल रहे।

डॉ. राजीव कुमार यादव की प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी और सभा में दिए गए संबोधन को ग्रामीणों के न्याय की मांग से जोड़कर देखा गया। नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu