बक्सर । डुमराँव अनुमंडल को नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मिल गए हैं। रविवार को राज्य सरकार की ओर से जारी स्थानांतरण अधिसूचना के तहत अपर पुलिस अधीक्षक, रेल, पटना के पद पर तैनात भास्कर रंजन को डुमरांव का नया एसडीपीओ बनाया गया है। अधिसूचना में कुल 27 पुलिस पदाधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।
इससे पहले डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार के स्थानांतरण के बाद बक्सर साइबर डीएसपी समीर कुमार सिंह कुछ दिनों तक प्रभार संभाल रहे थे। अब भास्कर रंजन की नई पदस्थापना से अनुमंडल में पुलिस प्रशासन को स्थायी नेतृत्व मिलने की उम्मीद है।
भास्कर रंजन एक अनुभवी पुलिस अधिकारी और कुशल प्रशासक के रूप में जाने जाते हैं। अगस्त माह की सात तारीख को बक्सर के इटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलवाने की मांग को लेकर कांग्रेस, अतिपिछड़ा संघर्ष मोर्चा और विभिन्न संगठनों के लोगों ने रेल चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान भास्कर रंजन रेल पुलिस के अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में बक्सर पहुंचे थे।
उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर और आश्वासन देकर रेल परिचालन बहाल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। करीब 25 मिनट तक प्रभावित रहे हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर उनके प्रयासों के बाद परिचालन दोबारा शुरू हुआ था। इस दौरान मगध एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनें प्रभावित हुई थीं।
डुमरांव में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा की जा रही है। अब देखना होगा कि उनके नेतृत्व में अनुमंडल क्षेत्र में पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की दिशा में किस तरह के कदम उठाए जाते हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments