बक्सर । धर्म और आध्यात्म की नगरी वाराणसी के रामलीला मैदान में आयोजित जनता दल (यू) के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बिहार के डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने सैकड़ों समर्थकों के साथ अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान उन्होंने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। सम्मेलन में बिहार और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि जदयू एक समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। सुशासन और न्याय के साथ विकास पार्टी का मूल मंत्र है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, कानून-व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि अब पार्टी की नीतियों और नीतीश कुमार के विचारों को देश के अन्य राज्यों तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जदयू भी अपनी तैयारी कर रही है। उन्होंने राजनीति को पद और प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम बताया।
सम्मेलन में विधायक राहुल सिंह और राजपुर विधायक संतोष निराला ने भी संगठन की मजबूती, सामाजिक न्याय और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया गया।
इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार एवं जमा खान, सांसद कौशलेंद्र कुमार और सुनील कुमार, जदयू के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
वहीं, बक्सर से जदयू प्रदेश सचिव विनोद राय, जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, जितेंद्र सिंह, विमलेंद्र बबलू, अरुण सिंह,मार्कण्डेय पटेल सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन के माध्यम से उत्तर प्रदेश में जदयू की संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की भूमिका मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments