बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के श्वेत नगर वार्ड संख्या-7 में बुधवार को बिजली के करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्की कुमार, पिता मदन सिंह के रूप में हुई है। वह दो बहनों के बीच अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम पसर गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पेड़ की एक टहनी गिरने से बिजली के पोल से घर तक आने वाला सर्विस तार टूट गया था। बताया जा रहा है कि लक्की टूटे हुए तार को जोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह उसमें प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। काफी देर तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे अचेत अवस्था में देखा और आनन-फानन में बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, लक्की को बिजली से संबंधित काम की जानकारी थी। इसके बावजूद वह किन परिस्थितियों में करंट की चपेट में आया, इसे किसी ने प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा।
22 नवंबर को होनी थी शादी, अधूरे रह गए सपने
इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि लक्की की शादी आगामी 22 नवंबर को तय थी। हालांकि, किसी कारणवश शादी की तारीख रद्द कर नई तिथि निर्धारित करने की तैयारी चल रही थी। घर में शादी को लेकर चर्चाएं और तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक हादसे ने परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया।
बताया गया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। वहीं, अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर घर चले गए। घटना के बाद श्वेत नगर इलाके में शोक की लहर है। परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया, जबकि उसकी शादी को लेकर देखे गए सारे सपने अधूरे रह गए।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

























0 Comments