Ad Code

DAV स्कूल के सामने नारियल की दुकानों से बच्चों की सुरक्षा पर चिंता, POCSO जज ने नगर परिषद को कार्रवाई का दिया निर्देश


बक्सर । शहर के डीएवी पब्लिक स्कूल, जूनियर विंग के मुख्य गेट के सामने सड़क किनारे लगी नारियल की दुकानों और रोजाना खड़े होने वाले ट्रकों से बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठे हैं। मामले को लेकर विशेष न्यायाधीश POCSO सह जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-षष्ठ अमित कुमार शर्मा ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र भेजकर कार्रवाई का निर्देश दिया है।


30 सितंबर को जारी पत्र में कहा गया है कि स्कूल के सामने नारियल उतारने के लिए प्रतिदिन कई ट्रक सड़क पर खड़े होते हैं, जिससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चे कई बार बिना अभिभावकों के भी होते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ जाती है।



न्यायाधीश ने नारियल दुकानों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और संभव हो तो उन्हें किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। साथ ही तीन दिनों के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सड़क पर खड़े ट्रकों की तस्वीरें और वीडियो, वाहन नंबरों के साथ, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी को भेजे गए हैं। ट्रैफिक डीएसपी को भी संबंधित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक, बक्सर को भी भेजी गई है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu