बक्सर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को हनुमत तरुण व्यवसायी शाखा, गोलंबर के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने गोलंबर पार्क के एक हिस्से में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने पार्क परिसर में फैले कचरे और गंदगी को हटाकर आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाया। स्वयंसेवकों ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना था। ऐसे में उनकी जयंती पर स्वच्छता अभियान चलाना उनके विचारों को व्यवहार में उतारने का प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान दक्षिण बिहार के प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को स्वयं आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान के माध्यम से समाज में स्वच्छता और जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया गया है।
स्वयंसेवकों ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की। अभियान में शाखा के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments