Ad Code

1960 से जारी परंपरा, इस बार भव्य पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा; मुरार में युवाओं ने संभाली पूजा की कमान


बक्सर । शारदीय नवरात्र को लेकर चौगाई प्रखंड के मुरार गांव स्थित पंचमुखी चौक पर दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्रीश्री दुर्गा पूजा समिति, पंचमुखी चौक मुरार की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य पूजा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। पंडाल निर्माण समेत अन्य तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं और गांव में अभी से उत्साह का माहौल है।




मुरार की दुर्गा पूजा की खास बात यह है कि पंडाल निर्माण के लिए बाहर से कारीगर नहीं बुलाए जाते। गांव के युवा अपने श्रम और हुनर से आकर्षक पंडाल तैयार करते हैं। इस वर्ष भी युवाओं की टोली दिन-रात मेहनत कर भव्य पंडाल को आकार देने में जुटी है। करीब 40 फीट लंबे पंडाल में मां दुर्गा के साथ अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। पूरे पूजा परिसर को रंग-बिरंगी आधुनिक रोशनी से सजाया जाएगा।

मां दुर्गा की करीब 12 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण रोहतास जिले के नोखा से आए मूर्तिकार मनोज कुमार कर रहे हैं। समिति के अनुसार पूजा आयोजन पर करीब 3 से 4 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पंडाल निर्माण में लगभग 180 बांस, 50 किलो कपड़े की रस्सी, 25 मन बीट, 15 किलो कांटी और प्लाई का इस्तेमाल किया जा रहा है।





66 वर्षों से कायम है परंपरा

समिति के सदस्यों के अनुसार मुरार गांव में 1960 से लगातार मां जगदंबा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। छह दशक से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा अब गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। नवरात्र के दौरान आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए वॉलिंटियर तैनात रहेंगे। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।

पूजा समिति के अध्यक्ष कमलेश पाण्डेय, सचिव चंदन लाल और कोषाध्यक्ष रामजी सहित समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu