बक्सर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को बक्सर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन की अध्यक्षता में तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम संयोजिका और नगर परिषद बक्सर की पूर्व चेयरमैन मीना सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
बक्सर गोलंबर परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन बड़ी संख्या में आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना। इसके बाद गोलंबर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों ने भी भाग लिया। यात्रा के समापन के बाद सेवा ज्योति को बक्सर गोलंबर पर स्थापित किया गया।
कार्यक्रम की संयोजिका मीना सिंह ने कहा कि सेवा ज्योति केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प का संदेश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा और सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। इसी भावना को बक्सर में भी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि बक्सर गोलंबर का नामकरण अब ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में किए जाने की दिशा में पहल की गई है।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे देश में सेवा संकल्प और सुशासन को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सेवा ज्योति यात्रा इसी अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों को भी सेवा और समाजहित के कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बक्सर में भी पार्टी कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में बिहार प्रदेश भाजपा मंत्री प्रभाकर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा राजेश सिन्हा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन देवी, रमेश गुप्ता, लक्ष्मण शर्मा, विनोद राय, रोहित मिश्रा एवं राणा प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं आम लोग उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments