Ad Code

रक्तदान के क्षेत्र में बक्सर और भोजपुर में उल्लेखनीय कार्य, ‘ब्लड बक्सर’ को राज्य स्तरीय सम्मेलन में मिला सम्मान


बक्सर । स्वैच्छिक रक्तदान एवं रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभाने वाले सामाजिक संगठन ‘ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड बक्सर’ (ब्लड बक्सर) को बुधवार को पटना में आयोजित State Voluntary Blood Donation Organizers Conclave 2026 में सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (BSACS), स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में बापू टावर, गर्दनीबाग, पटना में किया गया।


सम्मेलन में ब्लड बक्सर ने बक्सर और भोजपुर जिले का प्रतिनिधित्व किया। संगठन की ओर से दोनों जिलों में लगातार रक्तदान जागरूकता अभियान चलाने, स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने का कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रियेश और आदिल को उनके व्यक्तिगत रक्तदान तथा संगठन के माध्यम से किए जा रहे सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान BSACS के परियोजना निदेशक सुमित कुमार (भारतीय प्रशासनिक सेवा) ने प्रदान किया।

संगठन के संस्थापक अध्यक्ष प्रियेश ने बताया कि ब्लड बक्सर द्वारा अब तक बक्सर और भोजपुर में लगातार स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि संगठन से 26 नियमित रक्तदाता, जो वर्ष में तीन से चार बार रक्तदान करते हैं, समेत कुल 526 रक्तदाता जुड़े हुए हैं। संगठन का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना है।




आदिल ने कहा कि यह सम्मान केवल संगठन या उसके पदाधिकारियों का नहीं, बल्कि उन सभी रक्तदाताओं, रक्तवीरांगनाओं, सहयोगियों और स्वयंसेवकों का सम्मान है, जो रक्तदान की मुहिम से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि ‘हर घर रक्तदाता, घर-घर जीवनदाता’ के संकल्प के साथ रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय यह किसी पूरे परिवार की उम्मीद बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी सोच के साथ ब्लड बक्सर द्वारा आगे भी रक्तदान जागरूकता अभियान और स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन जारी रखा जाएगा।

‘हर बूंद बनेगी जिंदगी, हर कदम पर होगी इंसानियत’ के संदेश के साथ संगठन लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने में जुटा है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu