बक्सर । लाइक-व्यूज के चक्कर में बक्सर की संस्कृति और धार्मिक स्थलों की मर्यादा से खिलवाड़ अब महंगा पड़ सकता है। सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर अश्लीलता फैलाने, फूहड़ गीतों पर आपत्तिजनक वीडियो या रील बनाने तथा सोशल मीडिया पर विवादित एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों को चिन्हित कर बक्सर पुलिस विधि सम्मत कार्रवाई करेगी। नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई के स्पष्ट संकेत दिए हैं।
बक्सर धार्मिक, पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व वाला शहर है। ऐसे में सोशल मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए यहां के पवित्र और ऐतिहासिक स्थलों की मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों पर अब पुलिस की पैनी नजर रहेगी। नगर थाना क्षेत्र के रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट, कवलदह पोखरा, सोमेश्वर स्थान, ऐतिहासिक किला, कथकौली युद्ध स्थल, वामन स्थान समेत अन्य सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर आपत्तिजनक वीडियो या रील बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, बीते दिनों शहर में आयोजित डांडिया नाइट में अश्लील भोजपुरी और फूहड़ गीत बजाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। मामले में नगर थाना पुलिस ने आयोजन समिति से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद आयोजकों और ऐसे कार्यक्रमों से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो स्क्वायड लगातार गश्त कर रहा है और मनचलों पर कार्रवाई की जा रही है।
अब इसी कड़ी में सार्वजनिक स्थलों पर अश्लीलता परोसने, आपत्तिजनक रील बनाने और धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले कंटेंट पर भी पुलिस की नजरें टिक गई हैं। पुलिस के इस रुख से साफ है कि सोशल मीडिया पर कुछ सेकेंड की लोकप्रियता के लिए शहर की संस्कृति और सार्वजनिक मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों के लिए आने वाला समय आसान नहीं होगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...

















0 Comments