Ad Code

पंचशक्ति स्वरूप में विराजमान मां दुर्गा, डुमरांव के शहीद गेट पंडाल में उमड़ रहे श्रद्धालु



सिंह, गरुड़, अश्व, वानर और वराह के प्रतीकों से सजा पंडाल बना आकर्षण का केंद्र, शक्ति, साहस और सदाचार का दिया जा रहा संदेश

डुमरांव । शारदीय नवरात्र के अवसर पर डुमरांव के शहीद गेट स्थित दुर्गापूजा पंडाल में आस्था और कलात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मां दुर्गा का पट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। इस वर्ष मां भवानी की प्रतिमा को पंचशक्ति की विशेष अवधारणा पर तैयार किया गया है, जो भक्तों के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।



पंडाल में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के पीछे पांच दिव्य मुखों के रूप में सिंह, गरुड़, अश्व, वानर और वराह के प्रतीकों को कलात्मक ढंग से दर्शाया गया है। इनके माध्यम से साहस, पराक्रम, भक्ति, विवेक और ऊर्जा के साथ धर्म की रक्षा तथा अधर्म पर विजय का संदेश दिया गया है। प्रतिमा की अनूठी बनावट और आकर्षक सज्जा श्रद्धालुओं को विशेष रूप से लुभा रही है।

पंडाल में मां दुर्गा के साथ महाकाली, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। आकर्षक विद्युत सज्जा और पारंपरिक साज-सज्जा से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा है। श्रद्धालु मां भवानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना कर रहे हैं।



शहीद गेट दुर्गापूजा समिति की ओर से हर वर्ष अलग-अलग विषयों पर आधारित प्रतिमाएं तैयार कराई जाती हैं। समिति के मीडिया प्रभारी सौरभ केशरी ने बताया कि इस बार पंचशक्ति स्वरूप के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ शक्ति, साहस और सदाचार का संदेश देने का प्रयास किया गया है।

पूजा आयोजन में समिति के उपाध्यक्ष कृष्णा कुमार और शिवम गुप्ता, सचिव बब्लू गुप्ता, कोषाध्यक्ष गोलू वर्मा और विष्णु केशरी, कृष्णा गुप्ता, उपसचिव चंदन कुमार, दीपक वर्मा, कमलेश कुमार, विवेक गुप्ता, गोलू गुप्ता, रोहित शर्मा, अजय, राजा, विक्की, आशीष, आदित्य, आयुष, रवि और सुदामा सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu