बक्सर में अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले रोमांचक, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
बक्सर । खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो (बालक) प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें अंडर-17 वर्ग से सारण और तिरहुत, जबकि अंडर-19 वर्ग से पटना और भागलपुर प्रमंडल ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
अंडर-17 के पहले सेमीफाइनल में सारण प्रमंडल ने पटना को एक अंक से हराया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में तिरहुत प्रमंडल ने मगध को दो अंकों से पराजित किया। तिरहुत की टीम ने निर्धारित समय समाप्त होने से 3 मिनट 40 सेकंड पहले ही जीत सुनिश्चित कर ली।
अंडर-19 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में पटना प्रमंडल ने मुंगेर को दो अंकों से शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में भागलपुर प्रमंडल ने सारण को तीन अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने गति, कौशल, रणनीति और टीम समन्वय का शानदार प्रदर्शन किया। मैचों के शुभारंभ के दौरान वरीय उप समाहर्ता-सह-उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा तथा वरीय उप समाहर्ता-सह-विशेष कार्य पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में तकनीकी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments