1,488 अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने और सोक पिट निर्माण में तेजी लाने का आदेश
बक्सर । ग्रामीण विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने नाराजगी जताते हुए लंबित कार्यों को समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। बुधवार को समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में VB-G RAM G, आवास योजना और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की प्रखंडवार समीक्षा की गई।
बैठक में व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (IHHL) के लंबित भुगतान में जिले की खराब राज्यस्तरीय रैंकिंग पर डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की बात कही। उन्होंने दो दिनों के भीतर लंबित भुगतान पूरा करने और संबंधित गारबेज डेटा निर्धारित प्रपत्र में भेजने का निर्देश दिया।
समीक्षा में सामने आया कि तीसरी किस्त की राशि मिलने के बावजूद 1,488 आवास अधूरे हैं। डीडीसी ने बाधाओं को दूर कर इन आवासों के निर्माण में तेजी लाने तथा पुराने लंबित आवासों को भी जल्द पूरा कराने को कहा।
इसके अलावा कुशल श्रमिकों का लंबित ई-केवाईसी एक सप्ताह में पूरा करने, श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने, वृक्षारोपण लक्ष्य हासिल करने और अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया गया। सोक पिट निर्माण में तेजी लाने के लिए भी एक सप्ताह की समयसीमा निर्धारित की गई।
डीडीसी ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने और पात्र लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। बैठक में डीआरडीए एवं एनईपी के निदेशक, संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...






















0 Comments