Ad Code

रवि राज ने संजय झा और उमेश कुशवाहा को किया सम्मानित, ‘नीतीश संवाद’ की सफलता का श्रेय राहुल सिंह को


बक्सर । फरक्का जल संधि के पुनर्विचार और बिहार के हितों को लेकर बक्सर से शुरू हुए जदयू के ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान जदयू जिला उपाध्यक्ष रवि राज ने मंच पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर रवि राज ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद बक्सर में पहली बार जदयू का इतने बड़े स्तर पर आयोजन हुआ, जो पूरी तरह सफल रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने पार्टी की संगठनात्मक ताकत का भी परिचय दिया।




उन्होंने ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की सफलता का प्रमुख श्रेय डुमरांव विधायक राहुल सिंह को देते हुए कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता, कार्यकुशलता, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के प्रति स्नेह के कारण इतना बड़ा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। रवि राज ने कहा कि राहुल सिंह लगातार कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और समन्वय बनाए रखते हैं, जिसका परिणाम कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ और बेहतर व्यवस्था के रूप में देखने को मिला।

रवि राज ने कहा कि बक्सर से शुरू हुआ ‘नीतीश संवाद’ अभियान गंगा किनारे बसे बिहार के 12 जिलों में चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से फरक्का जल संधि के पुनर्विचार, बिहार के जल अधिकार, गंगा में बढ़ती गाद, बाढ़, सिंचाई और किसानों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच रखा जाएगा।



उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के नेतृत्व में चलने वाले इस जनसंवाद अभियान के आगामी कार्यक्रमों में डुमरांव विधायक राहुल सिंह के साथ वे स्वयं भी बक्सर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होंगे। रवि राज ने कहा कि बिहार के हितों से जुड़े इस अभियान को सफल बनाने के लिए जदयू कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेंगे।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, डुमरांव विधायक राहुल सिंह, राजपुर विधायक संतोष निराला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu