Ad Code

बड़ी खबर: कुकर्म कांड के बाद ब्रह्मपुर प्रखंड में चला शिक्षा विभाग का डंडा, छात्रा से कंधे की मालिश कराने वाले गुरुजी समेत चार निलंबित



एक ही स्कूल के हेडमास्टर और तीन शिक्षकों पर गिरी गाज, निरीक्षण में खुली अनियमितताओं की कई परतें

बक्सर । डुमरांव प्रखंड के नथुनी अहीर के डेरा स्थित मध्य विद्यालय में छात्राओं से कुकर्म की घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवालों के बीच अब ब्रह्मपुर प्रखंड में भी बड़ी कार्रवाई हुई है। मध्य विद्यालय गरहथा कला के प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। खास बात यह है कि कार्रवाई की जद में वह शिक्षक भी आ गए हैं, जिन पर एक छात्रा से कंधे की मालिश कराने का आरोप निरीक्षण के दौरान सामने आया था।





जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, 25 अगस्त को मध्य विद्यालय गरहथा कला का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अभिभावक और मध्याह्न भोजन से जुड़े कर्मी भी मौजूद थे। इसके बाद तैयार प्रतिवेदन में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए।

निलंबित होने वालों में प्रभारी प्रधानाध्यापक राधामोहन यादव तथा विशिष्ट शिक्षक रामबचन यादव, राकेश सिंह और योगेंद्र यादव शामिल हैं। आदेश के अनुसार रामबचन यादव पर पाठटीका तैयार नहीं करने, छात्रों को गृहकार्य नहीं देने और समय-सारणी के अनुसार कक्षाओं का संचालन नहीं करने के साथ ही एक छात्रा से अपने कंधे की मालिश कराने का आरोप भी अंकित किया गया है। इसी आरोप के सामने आने के बाद विभाग ने उन्हें निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के अधीन कर दिया है।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि विद्यालय में कई शिक्षक पढ़ाई-लिखाई के बजाय मोबाइल में व्यस्त रहते थे और शैक्षणिक व्यवस्था में अनियमितता बरती जा रही थी। हालात ऐसे बने कि छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी तक कर दी थी।





वहीं, प्रभारी प्रधानाध्यापक राधामोहन यादव के खिलाफ वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप भी सामने आए हैं। कई महत्वपूर्ण पंजी और कंपोजिट ग्रांट के खर्च से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई, जबकि खेल सामग्री और छात्रों की कॉपियां शौचालय में बंद मिलने की बात भी जांच प्रतिवेदन में दर्ज की गई है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से 3 सितंबर को जारी अलग-अलग आदेशों के तहत चारों शिक्षकों को बिहार सरकारी सेवक नियमावली के तहत निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डुमरांव के छात्राओं से कुकर्म मामले के बाद अब ब्रह्मपुर के इस विद्यालय में एक साथ चार शिक्षकों पर हुई कार्रवाई ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu