Ad Code

प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रतीक्षा सूची में योग्य लाभुकों के नाम जोड़ने की मांग, मुखिया धनंजय मिश्रा ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन


बक्सर । उमरपुर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रतीक्षा सूची में योग्य लाभुकों के नाम शामिल नहीं होने का मामला सामने आया है। इसे लेकर उमरपुर पंचायत के मुखिया सह सदर बक्सर मुखिया संघ के अध्यक्ष धनंजय मिश्रा उर्फ चुरकी पांडेय ने सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर योग्य लाभुकों के नाम प्रतीक्षा सूची में शामिल करने की मांग की है।


मुखिया ने अपने ज्ञापन में कहा है कि पंचायत में आवास प्लस-2024 के तहत योग्य लाभुकों के नाम जोड़े गए थे। हालांकि, प्राप्त प्रतीक्षा सूची की जांच के दौरान कई ऐसे योग्य ग्रामीणों के नाम सूची में नहीं मिले, जो प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने के पात्र हैं। उन्होंने बीडीओ से विभागीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर छूटे हुए योग्य लाभुकों के नाम सूची में शामिल कराने का आग्रह किया, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।



इस मौके पर मुखिया धनंजय मिश्रा ने पंचायत के ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि हर योग्य लाभुक को उसका हक दिलाया जाएगा। उन्होंने लोगों को बिचौलियों और दलालों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर आवास योजना में नाम जुड़वाने के नाम पर एक रुपये भी देने की जरूरत नहीं है। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बिना किसी पैसे के मिलेगा।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति योजना का लाभ दिलाने या सूची में नाम जोड़ने के नाम पर पैसे की मांग करता है तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu