बक्सर । बक्सर जिला उद्यमी संघ (बक्सर इंडस्ट्री एसोसिएशन यूनियन) की मासिक बैठक औद्योगिक क्षेत्र स्थित मां शिवरात्रि हॉस्पिटल परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. आशुतोष सिंह ने की। इसमें संघ से जुड़े बड़ी संख्या में उद्यमियों ने भाग लेकर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को प्रमुख मुद्दा बताया। सदस्यों ने कहा कि इंडस्ट्रियल फीडर उपलब्ध होने के बावजूद उद्योगों को निर्बाध बिजली नहीं मिल पा रही है। ऐसे में इंडस्ट्रियल फीडर से नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
उद्यमियों ने विकास शुल्क के एवज में औद्योगिक क्षेत्र में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की। इसमें प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को नियमित रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में उद्योगों के विस्तार और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए पर्याप्त ऋण उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया गया। उद्यमियों ने कहा कि बाजार की उपलब्धता के साथ वित्तीय सहयोग मिलने से स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और उत्पादन में वृद्धि होगी।
इसके अलावा केंद्र और बिहार सरकार की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं का लाभ सीधे उद्यमियों तक पहुंचाने और योजनाओं से अधिक से अधिक उद्योगों को जोड़ने पर भी चर्चा हुई। बैठक में तय किया गया कि इन सभी मांगों को आगामी दिनों में संबंधित सक्षम प्राधिकार के समक्ष रखा जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे डॉ. आशुतोष सिंह ने कहा कि बक्सर के औद्योगिक क्षेत्र के विकास और स्थानीय उद्योगों को गति देने के लिए बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना बेहद जरूरी है। उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति, बेहतर साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था के साथ पर्याप्त वित्तीय सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचे, इसके लिए संगठन संबंधित विभागों और सक्षम प्राधिकार के समक्ष उद्यमियों की समस्याओं को मजबूती से रखेगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही बक्सर के औद्योगिक क्षेत्र को और अधिक विकसित एवं सुविधासंपन्न बनाया जा सकता है।
बैठक में ब्रजकिशोर सिंह, अखौरी पंकज सिन्हा, पंकज सिंह, मुन्ना सिंह, उपाध्याय जी, महासचिव मनीष कुमार, आफताब साहब,राय जी सहित अन्य उद्यमी मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments