Ad Code

व्यूज के चक्कर में महिला पुलिसकर्मी से अभद्रता और डीएम की गाड़ी रोकने की कोशिश, प्राथमिकी दर्ज; गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज


नहर में डूबे व्यक्ति को निकालने के दौरान हंगामा, सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर छोटू बाबा और उसके साथियों की तलाश में जुटी नगर थाना पुलिस

बक्सर । ज्योति प्रकाश चौक के समीप बड़ी नहर पुल पर एक व्यक्ति के डूबने के बाद चल रहे राहत-बचाव कार्य के दौरान कथित तौर पर सोशल मीडिया पर व्यूज बटोरने को लेकर हंगामा करने वाले युवकों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में छोटू बाबा और उसके साथियों पर महिला पुलिसकर्मी से अभद्रता करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने तथा जिलाधिकारी की सरकारी गाड़ी को जबरन रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।





पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर की शाम करीब चार बजे ज्योति प्रकाश चौक के समीप बड़ी नहर पुल से करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति के नहर में कूदने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। इसी दौरान एक चारपहिया वाहन में सवार चार-पांच युवक भी वहां मौजूद थे। इनमें एक युवक को लोग छोटू बाबा के नाम से पुकार रहे थे।

पुलिस आवेदन के अनुसार, बचाव कार्य के दौरान युवकों ने शोर-शराबा करते हुए कथित रूप से सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। सरकारी गोताखोर के पहुंचने के बाद नहर में डूबे व्यक्ति को बाहर निकाला गया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने उस व्यक्ति को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और वहां से निकल गए। पुलिस ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे मौके से चले गए। बाद में जानकारी मिली कि व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।





महिला पुलिसकर्मी से बहस का वीडियो भी आया सामने

पुलिस आवेदन में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि एक इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किए गए वीडियो में दो युवक और उनके कुछ साथी ज्योति प्रकाश चौक के समीप एक महिला पुलिसकर्मी से बहस करते तथा सरकारी कार्य में व्यवधान डालते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान जिलाधिकारी की सरकारी गाड़ी को रोकने और हंगामा करने की कोशिश की गई। पुलिस बल द्वारा युवकों को हटाने का प्रयास किया गया, जिसके दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद पुलिस को बल प्रयोग कर भीड़ को हटाना पड़ा।

इस मामले में सहायक अवर निरीक्षक मुकेश कुमार यादव के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में छोटू बाबा समेत उसके अन्य साथियों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच की जिम्मेदारी कंचन बाला को सौंपी गई है।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu