बक्सर । वीर कुंवर सिंह सेतु पर रविवार की शाम वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया। डाक पार्सल वाहन की आड़ में हरियाणा निर्मित विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही थी। तलाशी के दौरान 95 कार्टन में कुल 844.20 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार के नेतृत्व में टीम वीर कुंवर सिंह सेतु पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पीबी-10-केबी/5738 नंबर की महिंद्रा पिकअप को संदिग्ध स्थिति में रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से रॉयल ग्रीन व्हिस्की की बड़ी खेप बरामद हुई।
बरामद शराब में 25 पेटी क्वार्टर, 30 पेटी हाफ और 40 पेटी फुल बोतल शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुधियाना के कुमकुला थाना क्षेत्र निवासी गुरमीत सिंह के 25 वर्षीय पुत्र नवदीप सिंह और प्रदीप कुमार के 25 वर्षीय पुत्र इंदर कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने उत्पाद विभाग को बताया कि शराब की खेप जालंधर से पूर्णिया ले जाई जा रही थी। विभाग ने शराब के साथ महिंद्रा पिकअप को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments