Ad Code

तीन दशक से चिकित्सा और समाजसेवा में समर्पित डॉ. आरके सिंह, ग्रामीणों के बीच स्वास्थ्य सेवा की जलाई अलख


बक्सर । चिकित्सा सेवा, जनकल्याण और मानवीय सरोकारों के प्रति करीब तीन दशकों से समर्पित डॉ. राकेश कुमार सिंह (डॉ. आरके सिंह) ने चिकित्सा के साथ सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। ग्रामीण, निर्धन और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ टीबी एवं अन्य वक्ष संबंधी रोगों के उपचार में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।



20 सितंबर 1965 को चिकित्सक स्वर्गीय डॉ. सिलास सिंह और सीएमसी लुधियाना से प्रशिक्षित जीएएनएम माता जयवंती देवी के घर जन्मे डॉ. सिंह की प्रारंभिक पारिवारिक पृष्ठभूमि भी सेवा और चिकित्सा से जुड़ी रही। बताया जाता है कि उनके पिता ममता मयी माता मदर टेरेसा द्वारा संचालित अनाथालय एवं उनके घर-आंगन के संचालन में सलाहकार की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे।

डॉ. सिंह ने चिकित्सा को महज पेशा न मानकर मानव सेवा का माध्यम बनाया। दूर-दराज के क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के जरिए जरूरतमंदों तक उपचार पहुंचाने के साथ वह प्रतिवर्ष करीब 200 से 300 मोतियाबिंद मरीजों के निःशुल्क इंट्राऑक्यूलर लेंस प्रत्यारोपण में भी व्यक्तिगत भूमिका निभाते रहे हैं। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी और रोटरी इंटरनेशनल से जुड़कर उन्होंने कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, सुधारात्मक शल्यक्रिया, मोतियाबिंद उपचार और बच्चों की हृदय शल्यक्रिया जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी योगदान दिया।




वर्ष 1998 में डॉ. सिंह को मेथोडिस्ट अस्पताल, प्रताप सागर का अधीक्षक बनाया गया। चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर ज्ञानवृद्धि के लिए वह इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, इंडियन चेस्ट सोसाइटी और यूरोपियन रेस्पिरेटरी सोसाइटी जैसी संस्थाओं से जुड़े रहे हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलनों में दो दशक से अधिक समय तक उनकी सक्रिय सहभागिता रही है।

उनकी सेवाओं के लिए Award of Honour (2024), टीबी उन्मूलन अभियान में योगदान के लिए सम्मान, Corona Warrior of COVID-19 Award, Humanitarian of the Year Award (2022) और Outstanding Achievement in Healthcare Award (2023) सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।

डॉ. सिंह का विवाह स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता सिंह से हुआ है। उनकी दो पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री रक्षिता सिंह मुंबई में सिनेमाटोग्राफर के रूप में कार्यरत हैं, जबकि छोटी पुत्री रितिका सिंह चिकित्सक हैं। वर्तमान में डॉ. आरके सिंह चिकित्सा सेवा के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी नए प्रयासों को आगे बढ़ाने की दिशा में सक्रिय हैं। उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनके सेवा-समर्पण को नमन करते हुए दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu