बक्सर । गोलंबर स्थित वीके ग्लोबल हॉस्पिटल में रविवार को आयोजित निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले शिविर में 350 से अधिक मरीजों की जांच की गई। विभिन्न रोगों के छह विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। चिकित्सकों की सलाह के आधार पर मरीजों को जरूरी दवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र टोलवानी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रुति उपाध्याय, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.के. सिंह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका एवं डॉ. शिखा राय तथा दर्द प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. सुभश्री ने अपनी सेवाएं दीं। सामान्य बीमारियों के साथ गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे मरीज भी जांच कराने पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच के बाद मरीजों को उपचार, दवा और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
शिविर की खासियत रही कि मरीजों को जांच और परामर्श के साथ आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इससे जरूरतमंद मरीजों को काफी राहत मिली। मरीजों ने एक ही स्थान पर अलग-अलग विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिलने को सुविधाजनक बताया।
इस मौके पर सैनिक संघ के अध्यक्ष रामनाथ सिंह, जदयू नेता संजय सिंह और भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने अस्पताल की पहल की सराहना की।
अस्पताल के निदेशक एवं शिविर के आयोजक डॉ. वीके सिंह ने कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी अस्पताल की ओर से इस तरह के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments