- 90 दिनों से अधिक पुराने चालानों पर मिलेगी छूट, 11 सितंबर तक विशेष काउंटर से करा सकेंगे प्री-रजिस्ट्रेशन
बक्सर । वाहन चालान के मामलों में वाहन मालिकों को राहत देने के लिए जिला परिवहन कार्यालय, बक्सर में “एक मुश्त यातायात चालान निपटान योजना-2026” के तहत प्री-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू कर दी गई है। यह प्रक्रिया आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के मद्देनजर शुरू की गई है।
विभागीय निर्देश के अनुसार 90 दिनों से अधिक अवधि से लंबित ई-चालानों का राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से शमन के रूप में निपटारा किया जाएगा। इसके तहत वाहन मालिकों को चालान राशि में निर्धारित छूट का लाभ लेने अथवा पात्र मामलों में चालान का निपटारा कराकर मामला बंद कराने का अवसर मिलेगा।
जिला परिवहन कार्यालय परिसर में इसके लिए विशेष सेवा काउंटर गठित किया गया है। सोमवार को कई वाहन स्वामियों ने काउंटर पर पहुंचकर प्री-रजिस्ट्रेशन कराया और योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी की।
जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार बक्सर में वर्तमान में 90 दिनों से अधिक अवधि से कुल 10,790 ई-चालान लंबित हैं। इन चालानों के निपटारे के लिए वाहन मालिक 11 सितंबर 2026 तक, प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष काउंटर पर प्री-रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर जिला परिवहन कार्यालय पहुंचकर अपने लंबित चालानों का प्री-रजिस्ट्रेशन कराएं और योजना के तहत उपलब्ध सुविधा का लाभ उठाएं।
बताया गया कि प्री-रजिस्ट्रेशन का उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन होने वाली भीड़ और अनावश्यक परेशानी को कम करना तथा अधिक से अधिक लंबित चालानों का सुगम तरीके से निपटारा सुनिश्चित करना है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments