Ad Code

भव्य रूप में मनाया गया श्री महाकाली वार्षिक पूजन महोत्सव, भजन-कीर्तन व जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर


बक्सर । शहर के स्टेशन रोड स्थित वार्ड संख्या 20 के गजाधरगंज में शुक्रवार को श्री महाकाली वार्षिक पूजन महोत्सव 2026 भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में मनाया गया। श्री महाकाली मंदिर परिसर में आयोजित वार्षिक पंचित पूजा एवं महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां महाकाली की पूजा-अर्चना की और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

श्री महाकाली पूजा समिति की ओर से आयोजित इस धार्मिक महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर पूरे दिन भक्ति के रंग में सराबोर रहा। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए, वहीं मां महाकाली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। 





कार्यक्रम में शामिल अतिथियों को समिति की ओर से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

समिति की ओर से बताया गया कि महोत्सव के तहत 13 अगस्त से 28 अगस्त तक जलार्पण का आयोजन किया गया। 19 अगस्त को मां की प्रतिमा की स्थापना की गई, जबकि 26 अगस्त को छप्पन भोग का आयोजन हुआ। शुक्रवार 28 अगस्त को वार्षिक पंचित पूजा भव्य रूप से संपन्न हुई।

धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम अभी जारी रहेगा। शनिवार 29 अगस्त को कन्या पूजन एवं पारंपरिक खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके बाद 31 अगस्त को मां की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन प्रातः 8 बजे मां की आरती एवं श्रृंगार तथा संध्या 7 बजे आरती का आयोजन किया जा रहा है।





पूजा समिति के सचिव राहुल कुमार ने बताया कि मां श्री महाकाली की असीम कृपा और श्रद्धालुओं के सहयोग से प्रतिवर्ष इस पूजन महोत्सव का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में भाग लिया, जिससे महोत्सव की भव्यता और बढ़ गई।

आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष विजय कुमार राउत, कोषाध्यक्ष रोहित गुप्ता (डब्बू), उपाध्यक्ष बिपुल कुमार बंटी, डॉ. ज्ञानेश्वर सिंह, उप सचिव सुभाष कुमार, उप कोषाध्यक्ष सरोज कुमार, दीपक गुप्ता, दुर्गेश यादव, बजरंगी ठाकुर, महेश कुमार अधिवक्ता, अभिषेक कुमार, निखिल कुमार, आर्यन गुप्ता एवं संतोष चौरसिया सहित समिति के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

श्रद्धा, भक्ति, भजन-कीर्तन, जयकारों और प्रसाद वितरण के बीच शुक्रवार को आयोजित श्री महाकाली वार्षिक पूजन महोत्सव ने पूरे गजाधरगंज क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu