बक्सर । तुलसी आश्रम, रघुनाथपुर स्थित महाकालेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित रामलीला के तीसरे दिन भगवान श्रीराम के जन्म का भावपूर्ण और भक्तिमय प्रसंग मंचित किया गया। कलाकारों की सजीव प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामजन्म का प्रसंग मंचित होते ही पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा।
रामलीला में दिखाया गया कि अयोध्या के राजा दशरथ वृद्धावस्था में पहुंचने के बावजूद संतान सुख से वंचित हैं। उन्हें चिंता सताती है कि उनके बाद अयोध्या का उत्तराधिकारी कौन होगा और राज्य की व्यवस्था कौन संभालेगा। इसी चिंता के समाधान के लिए वे गुरु महर्षि वशिष्ठ के आश्रम पहुंचते हैं। गुरु के निर्देश पर विधि-विधान और नियमों के अनुसार पुत्रेष्टि यज्ञ कराया जाता है।
यज्ञ के फलस्वरूप भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के जन्म का मार्ग प्रशस्त होता है। रामजन्म से पूर्व भगवान श्रीराम के चतुर्भुज स्वरूप में अवतार लेने का दृश्य भी मंचित किया गया। माता कौशल्या भगवान के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर भावविभोर हो जाती हैं और लोक-लाज का हवाला देते हुए प्रभु से बाल रूप धारण करने का आग्रह करती हैं। माता की भावना स्वीकार करते हुए भगवान श्रीराम बाल रूप में प्रकट होते हैं।
श्रीराम के जन्म के साथ ही अयोध्या में उत्सव का माहौल बन जाता है। नगरवासी सोहर गाते हुए नाचते-झूमते हैं और एक-दूसरे को बधाई देते हैं। रामजन्म की खुशी में पूरी अयोध्या दीपों से जगमगा उठती है। इस दृश्य की मनोहारी प्रस्तुति ने तुलसी आश्रम में मौजूद श्रद्धालुओं को भक्ति और आनंद से सराबोर कर दिया।
रामजन्म के दौरान दर्शकों ने करतल ध्वनि के साथ ‘जय श्रीराम’ का जोरदार जयघोष किया। पूरा रामलीला परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। कलाकारों के संवाद, अभिनय और मंच सज्जा की दर्शकों ने जमकर सराहना की।
तुलसी विचार मंच के संयोजक शैलेश कुमार ओझा ने बताया कि रामलीला की आगामी कड़ी में प्रभु श्रीराम की बाल लीलाओं के साथ उनके बक्सर आगमन, यहां शिक्षा ग्रहण करने तथा इस दौरान राक्षसों के वध से जुड़े प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सावन के पावन अवसर पर आयोजित रामलीला का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। आगामी प्रसंगों को लेकर क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments