Ad Code

गरीब-अमीर में भेद नहीं करते थे उमाशंकर सिंह : श्रद्धांजलि सभा में याद किया गया सरल व्यक्तित्व


बक्सर । युवा शक्ति सेवा संस्थान एवं जिला दिव्यांग संगठन के संयुक्त तत्वावधान में जिला दिव्यांग कार्यालय में विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकारों और जरूरतमंदों के प्रति उनके सहज व्यवहार को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।






सभा को संबोधित करते हुए युवा नेता रामजी सिंह ने बलिया के रसड़ा से बीएसपी विधायक रहे उमाशंकर सिंह के सामाजिक योगदान और सरल व्यक्तित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में थोड़ी आर्थिक सफलता मिलने के बाद कई लोगों के व्यवहार में अहंकार आ जाता है, लेकिन उमाशंकर सिंह इससे बिल्कुल अलग व्यक्तित्व के धनी थे। वे समाज के हर वर्ग के लोगों को समान सम्मान देते थे।

रामजी सिंह ने कहा कि उमाशंकर सिंह गरीब और अमीर में कभी भेद नहीं करते थे। उनके लिए व्यक्ति की पहचान उसकी आर्थिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके इंसान होने से थी। उन्होंने अपने पुराने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि बक्सर में आयोजित उनके एक कार्यक्रम में उमाशंकर सिंह स्वयं उपस्थित हुए थे और उनका हौसला बढ़ाया था। यह उनके सहज, सरल और समाज के हर वर्ग के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार का प्रमाण है।





उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह जैसे लोग केवल राजनीति नहीं करते, बल्कि अपने आचरण और विचारों से समाज को दिशा भी देते हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित लोगों के साथ खड़े होने का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

श्रद्धांजलि सभा में जिला दिव्यांग संघ के अध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर, प्रमोद केसरी, दिलीप राम, तारकेश्वर पाल, अभय पासवान, चंदन गुप्ता, कुमार दोस्त, पप्पू जायसवाल, प्रिंस इदरीसी, जितेंद्र मिश्रा, अरविंद पासवान, राजाराम चौधरी, पिंटू वर्मा, मोहम्मद फिरोज, सूर्य कुमार, मंटू, ज्ञानप्रकाश पासवान, समीर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

अंत में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय उमाशंकर सिंह को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व, सामाजिक सोच और मानवता के प्रति समर्पण सदैव लोगों को प्रेरणा देता रहेगा।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu