बक्सर । डुमरांव में मां डुमरेजनी कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। स्टेट लेवल की इस प्रतियोगिता में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों से आई कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों की टीमों ने दमखम दिखाया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से पूरा खेल मैदान कबड्डी के रोमांच से सराबोर रहा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद केसरी स्मृति संस्थान के अखिलेश केसरी ने नारियल फोड़कर और बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद विधायक राहुल कुमार सिंह और अखिलेश केसरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक राहुल कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले CPSS स्कूल के प्रधानाध्यापक डॉ. अशफाक को सम्मानित किया। साथ ही स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद केसरी स्मृति संस्थान के अखिलेश केसरी, आर्यभट्ट कंप्यूटर के अजय, सनराइज स्कूल के निदेशक, आवासीय बाल प्रतियोगिता निकेतन के निदेशक और धोनी स्पोर्ट्स सहित आयोजन के प्रायोजकों को भी विधायक ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में खेल विभाग के पदाधिकारियों की भी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता के महिला वर्ग में बनारस की टीम विजेता और झारखंड की टीम उपविजेता रही। वहीं पुरुष वर्ग में कैमूर की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि एकलव्य राज प्रशिक्षण केंद्र, बक्सर की टीम उपविजेता रही।
विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल, पुरस्कार एवं राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण नगर परिषद डुमरांव की प्रथम महिला अध्यक्ष श्रीमती मीरा देवी के हाथों हुआ।
आयोजन के दौरान CPSS स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, धीरज केसरी, अंकित केसरी, प्रशांत ठाकुर, भगवान जी वर्मा, प्रीति कुमारी, मो. इसराफिल नदाफ, एकलव्य कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र बक्सर के कोच, डुमरांव थानाध्यक्ष संजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता ने क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने का संदेश दिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments