बक्सर । स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर को ज्ञान, प्रतिभा और राष्ट्रप्रेम से जोड़ते हुए हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर के प्रांगण में शुक्रवार को फ्रीडम क्विज कॉन्टेस्ट ‘जुनून-ए-आजादी’ के तहत ग्रैंड फिनाले राउंड टेबल क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रवाद और भारत के गौरवशाली इतिहास से जुड़े सवालों का उत्साहपूर्वक जवाब देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के चार हाउस स्वामी विवेकानंद हाउस, विश्वामित्र हाउस, आर्यभट्ट हाउस एवं ए.पी.जे. अब्दुल कलाम हाउस—के कक्षा 8, 9 एवं 10 के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रथम चरण में आयोजित लिखित परीक्षा के आधार पर चयनित प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले में अपनी ऐतिहासिक एवं समसामयिक जानकारी का प्रदर्शन किया।
क्विज में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों, 1857 के विद्रोह, राष्ट्रवादी आंदोलनों, देशभक्ति, स्वतंत्रता से संबंधित पुस्तकों एवं फिल्मों तथा आजादी के संघर्ष से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने त्वरित बुद्धि, आत्मविश्वास और ज्ञान का प्रभावशाली परिचय दिया।
ग्रैंड फिनाले में विश्वामित्र हाउस से अर्चित पाठक, कृष्ण गौरव एवं आकांक्षा श्री, स्वामी विवेकानंद हाउस से श्रेष्ठ पाठक, सगुण सिंह एवं माधवेंद्र चौबे, आर्यभट्ट हाउस से नैतिक सिंह, सत्यम कुमार एवं अनन्या तिवारी तथा ए.पी.जे. अब्दुल कलाम हाउस से सूरज उपाध्याय, प्रिंस कुमार एवं आंचल कुमारी ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्मृति कॉलेज एवं ऐपटेक के निदेशक डॉ. रमेश राय तथा विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम कुमार पाठक रहे। विद्यालय के शुभचिंतकों एवं प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों में डॉ. श्रीनिवास चतुर्वेदी एवं डॉ. तनवीर फरीदी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सफल रहने वाले विद्यार्थियों एवं विजेता हाउस को 15 अगस्त 2026 को विद्यालय परिसर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की बौद्धिक क्षमता, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी लगातार विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो विद्यालय की मजबूत होती शैक्षिक नींव का प्रमाण है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार पाठक ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा में लगातार हो रहा निखार और उनकी उपलब्धियां यह विश्वास दिलाती हैं कि विद्यालय के बच्चे संस्थापक श्री दिलीप पाठक के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रबंधन का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले और वह जीवन के हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरीय शिक्षक अमर प्रसाद बरुआ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। उन्हें पुष्पेंदु मिश्रा एवं विवेक कुमार का तकनीकी एवं डिजिटल सहयोग मिला। वहीं उपनिदेशक सुदीप कुमार पाठक ने राजा बाबू सर एवं अजय कुमार सिंह के सहयोग से कार्यक्रम के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली। विश्वास कुमार ने स्वागत गान की व्यवस्था को आकर्षक बनाया। विद्यार्थियों की संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और जीवंतता भर दी।
मुख्य अतिथि डॉ. रमेश राय एवं विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम कुमार पाठक ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय से लंबे समय से जुड़े अतिथियों ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं प्रतिभा में हो रहे सकारात्मक बदलाव की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं।
अंत में विद्यालय के प्रेसिडेंट ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उनकी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारियों के उत्कृष्ट निर्वहन के लिए साधुवाद दिया।
हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर का यह आयोजन महज एक क्विज प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारत के गौरवशाली स्वतंत्रता संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और अपने इतिहास से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments