बक्सर । शहर के बायपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में शनिवार को प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन, बक्सर के नेतृत्व में जिले के निजी विद्यालयों के संचालकों एवं प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निजी विद्यालयों के संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, चुनौतियों तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में विद्यालय संचालकों एवं प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा किया। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास के साथ शिक्षा प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप पाठक ने कहा कि निजी विद्यालय शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। विद्यालयों के संचालन से जुड़ी समस्याओं का सीधा प्रभाव विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर भी पड़ता है। ऐसे में विद्यार्थियों के हित और विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभाग एवं शिक्षा प्रशासन के समक्ष रखना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि निजी विद्यालयों एवं उनमें अध्ययनरत बच्चों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से शिक्षा प्रशासन और संबंधित विभागों को विधिवत अवगत कराया जाएगा। आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से समस्याओं का उचित एवं सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
अध्यक्ष प्रदीप पाठक ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य निजी विद्यालयों की समस्याओं को एकजुट होकर उचित मंच तक पहुंचाना तथा विद्यार्थियों के हित में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सकारात्मक पहल करना है।
बैठक में रविन्द्र सर, धीरज पांडेय, मनोज त्रिगुण, संजीव ओझा, भरत प्रसाद, बसंत सिन्हा, सतीश चंद्र त्रिपाठी, प्रकाश पांडेय, रौशन श्रीवास्तव, पीयूष प्रियदर्शी, पप्पु कुमार गुप्ता, शिव कुमार केशरी, अमित दुबे, धर्मेन्द्र पांडेय एवं सुदीप प्रताप सिंह सहित जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों के संचालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments