बक्सर । पर्यावरण संरक्षण, अंगदान, देहदान एवं नेत्रदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बक्सर से डुमरांव तक निकाली गई दो दिवसीय पदयात्रा का समापन रविवार को संकल्प और जनजागरूकता के संदेश के साथ हुआ। दधीचि देहदान समिति, बक्सर, आसा पर्यावरण सुरक्षा बिहार, शिका फाउंडेशन ट्रस्ट, भारत ज्ञान विज्ञान समिति एवं पीपल-नीम-तुलसी अभियान, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के दूसरे दिन पदयात्रा उच्च विद्यालय चिलहरी से शुरू होकर गोपालडेरा, नवाडेरा होते हुए पुराना भोजपुर पहुंची।
पुराना भोजपुर स्थित मध्य विद्यालय परिसर में पांच पौधों का रोपण किया गया, जहां प्रधानाध्यापक हरेराम राम ने पदयात्रियों का स्वागत किया। इसके बाद पदयात्रा डुमरांव पहुंची, जहां 1942 के अमर स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
महारानी उषारानी प्लस टू उच्च विद्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी का संचालन आसा पर्यावरण सुरक्षा के राज्य संयोजक विपिन कुमार ने किया। इस दौरान दधीचि देहदान समिति की अध्यक्ष मीना सिंह, पीपल-नीम-तुलसी अभियान के संस्थापक डॉ. धर्मेंद्र तथा भारत ज्ञान विज्ञान समिति की सचिव अनीता यादव ने पदयात्रा में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मीना सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को धरती पर स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन का अधिकार है। अंगदान, नेत्रदान और देहदान जैसे महादान से कई लोगों के जीवन में नई रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने की अपील की।
डॉ. धर्मेंद्र ने कहा कि लगातार गिरते भूजल स्तर और बदलते जलवायु संतुलन को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सावन माह में भगवान शिव को जल अर्पित करने के साथ-साथ पेड़-पौधों को भी जल देने का आह्वान किया।
कठपुतली कलाकार सुनील ने अपनी कला और गीतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और अंगदान का संदेश दिया। वहीं शिका फाउंडेशन के विवेक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि अंगदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद के जीवन में नया उजाला ला सकता है।
कार्यक्रम में अनीता यादव, डॉ. धर्मेंद्र, सुनील सरला, विक्रम जयनारायण निषाद, रमाकांत राम, अखिलेश्वर प्रसाद, डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह, दिलीप कुमार, हरेन्द्र कुमार, अजय कुमार, निर्मल प्रसाद, रमेश चंद्र, इंद्रजीत वर्मा, राजकुमार सिंह, विकास कुमार, शांतनु कुमार, ब्रजेश कुमार, नीलम श्रीवास्तव, सुरेंद्र प्रताप सिंह, शमशाद खान, रघुकुल तिलक, चंदन कुमार सिंह, विजय लाल शर्मा, उर्मिला कुमारी, सुनीता कुमारी, ऊषा कुमारी, ऊषा मिश्रा, संगीता कुमारी, आनंद प्रकाश, नवनीत कुमार, हरेराम सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments