Ad Code

हितन पड़री के बाल विकास केंद्र प्लस टू स्कूल में शान से फहराया तिरंगा, बच्चों ने दी राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां


बक्सर । 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के हितन पड़री स्थित बाल विकास केंद्र प्लस टू स्कूल में आन-बान-शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार से जुड़े लोगों में राष्ट्रीय पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने राष्ट्रभक्ति से प्रेरित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।




इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक एवं शिक्षाविद् सतीशचंद्र त्रिपाठी ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

उन्होंने तिरंगे के तीन रंगों के महत्व को बताते हुए कहा कि हरा रंग धरती की तरह सभी के पालन और संरक्षण का संदेश देता है, श्वेत रंग सत्य और परमार्थ की प्रेरणा देता है, जबकि केसरिया रंग साहस, शक्ति और त्याग का प्रतीक है।






सतीशचंद्र त्रिपाठी ने कहा कि हम इस धरती पर केवल अपने लिए नहीं हैं। सच्ची स्वतंत्रता तब है, जब हमारी क्षमता और सामर्थ्य से हमारे साथ रहने वाला व्यक्ति स्वयं को निर्भीक, स्वतंत्र और प्रसन्न महसूस करे। उन्होंने कवि शिवमंगल सिंह ‘सुमन’ की पंक्तियों के माध्यम से स्वतंत्रता के व्यापक अर्थ को समझाया—

“नीड़ न दो, चाहे टहनी का
आश्रय छिन्न-भिन्न कर डालो,
लेकिन पंख दिए हैं तो
आकुल उड़ान में विघ्न न डालो।”

उन्होंने कहा कि किसी को सहारा देना महान कार्य है, लेकिन उसके पंखों की उड़ान रोकना नहीं। यही तिरंगे का संदेश है कि हम स्वयं स्वतंत्र रहें और दूसरों की स्वतंत्रता के भी रक्षक बनें। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu