Ad Code

ब्रह्मपुर सीएचसी की स्वास्थ्य सुविधाओं का मामला पहुंचा पटना, अब विभागीय फैसले का इंतजार



- स्थायी महिला चिकित्सक, अल्ट्रासाउंड और इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर की मांग पर सीएस कार्यालय ने स्वास्थ्य विभाग को भेजा पत्र

बक्सर । ब्रह्मपुर प्रखंड के रघुनाथपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग अब जिला स्तर से निकलकर स्वास्थ्य विभाग, पटना तक पहुंच गई है। स्थायी महिला चिकित्सक की पदस्थापना, अल्ट्रासाउंड सुविधा, इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर सहित आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग पर सिविल सर्जन कार्यालय ने संज्ञान लेते हुए मामले को स्वास्थ्य विभाग के स्तर पर आवश्यक निर्णय के लिए अग्रसारित किया है।

इस संबंध में असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, बक्सर ने पत्रांक 4032, दिनांक 6 अगस्त 2026 के माध्यम से बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग, पटना के सचिव को पत्र भेजा है। पत्र में सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदन संख्या REF687214 एवं REF687216 का उल्लेख किया गया है। आवेदन सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश कुमार ओझा द्वारा किया गया था।





सीएस कार्यालय की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि आवेदन के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्रह्मपुर में स्थायी महिला चिकित्सक, अल्ट्रासाउंड, इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर एवं अन्य आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। पत्र के अनुसार, आवेदन में उठाए गए विषय विभागीय स्तर से निर्णय लिए जाने से संबंधित हैं। इसके बाद आवेदन संख्या REF687216 को आवश्यक कार्रवाई एवं निर्णय के लिए स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया गया है। पत्र की प्रतिलिपि आवेदक शैलेश कुमार ओझा को भी उपलब्ध कराई गई है।

17 पंचायतों और सैकड़ों गांवों को मिलेगा लाभ

ब्रह्मपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रखंड क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्र है। यहां सुविधाओं का विस्तार होने से ब्रह्मपुर नगर पंचायत, प्रखंड की 17 पंचायतों तथा आसपास के सैकड़ों गांवों की आबादी को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

स्थायी महिला चिकित्सक की तैनाती होने से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। वहीं अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने पर गर्भवती महिलाओं समेत अन्य मरीजों को जांच के लिए दूसरे शहरों या निजी केंद्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सड़क दुर्घटनाओं और गंभीर मरीजों के लिए इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर तथा आवश्यक आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।





जिला स्तर से बढ़ी पहल, अब पटना के निर्णय पर टिकी निगाहें

मांगों को लेकर किए गए आवेदन पर जिला स्वास्थ्य विभाग की पहल के बाद क्षेत्रवासियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब स्वास्थ्य विभाग के स्तर से इन प्रस्तावों पर क्या निर्णय लिया जाता है और सीएचसी ब्रह्मपुर में प्रस्तावित सुविधाओं को धरातल पर उतारने के लिए कब तक कार्रवाई शुरू होती है, इस पर लोगों की नजर है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्थायी महिला चिकित्सक, अल्ट्रासाउंड और ट्रॉमा सेंटर समेत आवश्यक आपातकालीन सुविधाओं को मंजूरी मिलती है तो यह ब्रह्मपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम होगा।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu