Ad Code

जानलेवा गड्ढों में खुद पत्थर डाल रहे पुलिसकर्मी, ड्यूटी के साथ निभा रहे इंसानियत का फर्ज



डुमरांव में यातायात पुलिस के जवानों की अनोखी पहल, ईंट-रोड़ा और पत्थर डालकर वाहनों को गड्ढों से निकालने में जुटे; सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की लोग कर रहे सराहना

बक्सर । डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ एनएच-120 पर जर्जर सड़क और जानलेवा गड्ढों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क की बदहाल स्थिति पिछले दो वर्षों से लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। जगह-जगह जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन छोटे-बड़े वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इसी बीच ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के जवानों ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

डुमरांव मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभालने में तैनात पुलिसकर्मी जितेंद्र सिंह, सुनील सिंह, देव रंजन सिंह और रंजन कुमार इन दिनों अपने ड्यूटी दायित्व के साथ सड़क पर फंसे वाहनों की मदद भी कर रहे हैं। सड़क के गड्ढों में जब वाहन फंस जाते हैं तो जवान खुद ईंट, रोड़ा और पत्थर जुटाकर गड्ढों में डालते हैं और उसके बाद वाहन चालकों को सुरक्षित निकालने में मदद करते हैं।





इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एनएच-120 पर बने गड्ढों में छोटे वाहनों के साथ-साथ बड़े ट्रक भी फंस रहे हैं। ऐसे में पुलिसकर्मी खुद पत्थर और रोड़ा लाकर गड्ढों में डालते हैं, ताकि वाहनों को निकलने के लिए रास्ता मिल सके। जवानों की इस पहल को देखकर स्थानीय लोग भी उनकी तारीफ कर रहे हैं।

दो वर्षों से बदहाल है सड़क :

स्थानीय लोगों के अनुसार डुमरांव में मुख्य मार्ग का लगभग तीन किलोमीटर हिस्सा लंबे समय से जर्जर है। बारिश के बाद स्थिति और भयावह हो जाती है। सड़क पर जलजमाव के बीच गड्ढे दिखाई नहीं देते और दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। ई-रिक्शा, ऑटो और मोटरसाइकिल सवारों के गिरने से लोगों को चोटें लगने की शिकायत लगातार सामने आ रही है।

वहीं, चार पहिया वाहनों के गड्ढों में फंसने से कई बार नीचे का चेंबर तक क्षतिग्रस्त हो जाता है। बड़े ट्रकों के फंसने से सड़क पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका।






व्यवस्था पर सवाल, जवानों की पहल बनी उम्मीद :

एक ओर जर्जर सड़क को लेकर लोग प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल मरम्मत की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यातायात पुलिस के जवानों की पहल ने लोगों का ध्यान खींचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जवानों ने अपनी ड्यूटी की सीमाओं से आगे बढ़कर लोगों की परेशानी को अपनी परेशानी समझा और बिना किसी आदेश के श्रमदान शुरू कर दिया।

पुलिसकर्मियों द्वारा सड़क के गड्ढे भरकर वाहनों को निकालने का यह प्रयास भले ही स्थायी समाधान नहीं है, लेकिन इसने सेवा, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की एक मिसाल जरूर कायम की है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिसकर्मियों को सड़क के गड्ढे भरने की नौबत न आए और एनएच-120 की जर्जर सड़क की तत्काल स्थायी मरम्मत कराई जाए।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu