बक्सर । नगर के वीर कुंवर सिंह कॉलोनी निवासी प्रभात खबर के फोटो जर्नलिस्ट मनीष मिश्रा की माता मालती देवी (55), पत्नी विनोद कुमार मिश्रा का शनिवार की रात बनारस स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही जिले के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मालती देवी 26 जुलाई को तीर्थराज प्रयाग में एकादशी स्नान के लिए गई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस की जोरदार टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका प्रारंभिक उपचार स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल, प्रयागराज में कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
इसके बाद उन्हें बनारस स्थित ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां उनके हाथ और दोनों पैरों का ऑपरेशन किया गया। उपचार के दौरान अचानक उनका ब्लड प्रेशर काफी नीचे गिर गया। इसके बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया, जहां इलाज के क्रम में शनिवार की रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
मालती देवी के निधन पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ मृत्युंजय सिंह, हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ मनोज सिंह, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ शुभ नारायण पाठक, दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ रविशंकर श्रीवास्तव, जागृति टाइम्स के ब्यूरो चीफ राज कुमार ठाकुर समेत जिलेभर के पत्रकारों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments