- राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में 11 विद्यालयों ने लिया हिस्सा, एमपी हाई स्कूल द्वितीय और हेरिटेज स्कूल अर्जुनपुर तृतीय
बक्सर । 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत की विश्वामित्र शाखा की ओर से शनिवार को महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 11 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड, सिविल लाइन ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि तथा सामूहिक वंदे मातरम् गायन से हुआ। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में स्वर, लय, ताल, अनुशासन और सामूहिक भाव का बेहतर समन्वय देखने को मिला। शास्त्रीय संगीत की आधारभूमि पर प्रस्तुत राष्ट्रभक्ति गीतों ने उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता में एमपी हाई स्कूल, प्रोजेक्ट बालिका हाई स्कूल इटाढ़ी, एसपी विद्या मंदिर स्कूल, राम जानकी विद्या मंदिर, फाउंडेशन स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल, ग्लोबल विजडम स्कूल, हेरिटेज स्कूल अर्जुनपुर एवं सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड, सिविल लाइन के विद्यार्थियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में सुकृति मिश्रा, अनुराग मिश्रा एवं शुभम कुमार शामिल रहे।
सरस्वती विद्या मंदिर प्रथम, एमपी हाई स्कूल द्वितीय
प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड, सिविल लाइन ने प्रथम, एमपी हाई स्कूल बक्सर ने द्वितीय तथा हेरिटेज स्कूल अर्जुनपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यालयों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए।
इस मौके पर भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय महासचिव मुकेश कुमार, प्रांतीय प्रबंधन संयोजक राधिकांत शर्मा, आरएसएस के प्रांत कार्यवाह राजेन्द्र ठाकुर, महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के प्राचार्य के.के. सिंह, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, पुलिस उपाधीक्षक गौरव पाण्डेय, नगर परिषद बक्सर की अध्यक्षा कमरून निशा, चौसा की प्रखंड प्रमुख सुनीता राय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रप्रेम और संस्कार विकसित करना उद्देश्य
शाखा अध्यक्ष वर्षा पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करना है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का माध्यम हैं।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) इंद्र कुमार कर्ण भी अतिथि के रूप में शामिल हुए। उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण और पुलिस उपाधीक्षक गौरव पाण्डेय ने अपने उद्बोधन से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, राष्ट्रप्रेम और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उनके संबोधन से विद्यार्थियों में उत्साह का संचार हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में शाखा के सचिव संजय राय, कोषाध्यक्ष मनोज दुबे, प्रकाश पाण्डेय, विपीन कुमार, मीरा सिंह, मंझू तिवारी, सरोज, अखिलेश, अमित, विकास कौशिक, भरत वर्मा सहित अन्य सदस्यों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक मौजूद रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments