Ad Code

दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा तुलसी आश्रम


बक्सर । पवित्र सावन मास की दूसरी सोमवारी पर सोमवार को ब्रह्मपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। रघुनाथपुर स्थित तुलसी आश्रम के ऐतिहासिक महाकालेश्वर मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिनभर मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।





श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए महाकालेश्वर मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्था की गई थी। मंदिर के आसपास फूल-माला, पूजन सामग्री, खिलौने और खाद्य पदार्थों की दुकानें सजने से पूरे परिसर में मेले जैसा माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति गीतों से वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया।

मंदिर के पुजारी पंडित राजू मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान महाकालेश्वर का विधिवत पूजन-अर्चन और अभिषेक कराया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले गए। कपाट खुलते ही भक्तों ने भगवान शिव का दर्शन कर जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि व परिवार की मंगलकामना की।





शिव-पार्वती संवाद के साथ रामलीला का शुभारंभ

सावन की दूसरी सोमवारी से तुलसी आश्रम स्थित महाकालेश्वर मंदिर परिसर में रामलीला के मंचन का भी शुभारंभ किया जाएगा। तुलसी विचार मंच के संयोजक शैलेश ओझा ने बताया कि सोमवार की संध्या शिव-पार्वती संवाद के साथ रामलीला की शुरुआत होगी। आयोजन को लेकर रामलीला समिति के कलाकार और कार्यकर्ता मंच तैयार करने में जुटे रहे।

उन्होंने बताया कि सावन की शिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद रामलीला के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्श और चरित्र को ग्रामीणों व श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

रामलीला के आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। सावन के पावन माह में भगवान शिव की आराधना के साथ रामलीला का मंचन तुलसी आश्रम के धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को और अधिक भक्तिमय बनाएगा।









................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu