बक्सर । जिले में लगातार बढ़ रही विद्युत मांग को देखते हुए बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पहल की है। सांसद ने 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र डुमरांव एवं इटाढ़ी की क्षमता बढ़ाने को लेकर बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखा था।
सांसद सुधाकर सिंह ने बताया कि उनके पत्र के बाद डुमरांव ग्रिड उपकेंद्र में 50 MVA क्षमता वाले पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाकर 80 MVA कर दी गई है। इसके साथ ही डुमरांव ग्रिड की कुल क्षमता अब बढ़कर 130 MVA हो गई है।
वहीं, इटाढ़ी ग्रिड उपकेंद्र में भी 20 MVA क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर को हटाकर 50 MVA क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होने के बाद इटाढ़ी क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति की क्षमता में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
सांसद ने कहा कि ग्रिड की क्षमता बढ़ने से बक्सर में बढ़ती बिजली की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही वोल्टेज की समस्या में कमी आने और उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी, कृषि एवं घरेलू उपयोग के साथ जिले में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में विद्युत आधारभूत संरचना को मजबूत करना जरूरी है। डुमरांव एवं इटाढ़ी ग्रिड की क्षमता वृद्धि से जिले की विद्युत व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...



















0 Comments