बक्सर। बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को बक्सर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर एक ही दिन में दो अलग-अलग कंटेनरों से करीब साढ़े सात लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई। दोनों मामलों में कंटेनर चालकों को गिरफ्तार कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पहली कार्रवाई शुक्रवार की अहले सुबह चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान हुई। दिल्ली से पटना जा रहे एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर जांच की गई। कंटेनर के ऊपरी हिस्से में कैरियर का सामान लदा था, लेकिन सील खोलकर गहन तलाशी लेने पर अंदर पंजाब निर्मित 307.1 लीटर विदेशी शराब छिपाकर रखी मिली। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 3.68 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी चालक सुनील यादव को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, शुक्रवार की दोपहर उत्पाद विभाग ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश से पटना जा रहे एक अन्य कंटेनर से करीब चार लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में राजस्थान के बाड़मेर निवासी कंटेनर चालक मुल्ला राम को गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट सहित सभी सीमावर्ती चेक पोस्टों पर 24 घंटे सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का कहना है कि शराब तस्करी के हर प्रयास को विफल करने के लिए निगरानी और जांच को और अधिक कड़ा किया जाएगा।















0 Comments