Ad Code

बक्सर को धार्मिक एवं पर्यटन हब बनाने की मांग, शिवसेना जिलाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन


बक्सर । शिवसेना के बक्सर जिलाध्यक्ष विद्यापति पांडेय ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर बक्सर को धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की है। उन्होंने गंगा किनारे बनारस और पटना की तर्ज पर भव्य घाटों के निर्माण, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण तथा बुनियादी सुविधाओं के विकास सहित आठ प्रमुख मांगें रखी हैं।





प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में विद्यापति पांडेय ने कहा है कि रामायण और महाभारत काल से जुड़ी समृद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत होने के बावजूद बक्सर आज भी अपेक्षित विकास से वंचित है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यदि बक्सर के धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों का समुचित विकास कराए तो यह क्षेत्र देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है।

ज्ञापन में नाथ बाबा मंदिर से लेकर अहिल्या धाम तक गंगा किनारे लगभग 400 मीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर उचित मुआवजा देने के बाद बनारस, हरिद्वार और पटना की तर्ज पर आधुनिक घाटों के निर्माण की मांग की गई है। साथ ही वामन भगवान की जन्मस्थली, भगवान श्रीराम की शिक्षा स्थली, महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि, अहिल्या धाम, गौतम ऋषि आश्रम, माता अंजना के निवास स्थल और ताड़का वध स्थल सहित अन्य धार्मिक स्थलों को जोड़ते हुए कॉरिडोर और भव्य प्रतिमाओं के निर्माण का भी आग्रह किया गया है।





पत्र में घाटों के आसपास लगभग 2,000 छोटी दुकानों का निर्माण कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार सृजन, बक्सर में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना, अहिल्या धाम स्थित खंडहर हो चुके धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज का जीर्णोद्धार, पुराने भोजपुर स्थित राजा भोज के किले का संरक्षण एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकास, सभी धार्मिक स्थलों को बेहतर सड़कों से जोड़ने तथा बक्सर में एक आधुनिक एवं भव्य अस्पताल स्थापित करने की मांग भी शामिल है।

शिवसेना जिलाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय गृह मंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री तथा शिवसेना बिहार प्रदेश अध्यक्ष को भी भेजी गई है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu