Ad Code

इटाढ़ी गुमटी खोलने की मांग पर बक्सर स्टेशन पर रेलयात्री कल्याण समिति का विशाल धरना, 10 दिन का अल्टीमेटम



बक्सर । पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार को रेलयात्री कल्याण समिति, शाखा बक्सर के बैनर तले बक्सर रेलवे स्टेशन परिसर में विशाल एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना के दौरान इटाढ़ी गुमटी को तत्काल खोलने और उद्घाटन के महज 48 घंटे के भीतर क्षतिग्रस्त हुए ओवरब्रिज की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई।




धरना की अध्यक्षता शाखा महामंत्री सत्येन्द्र नारायण सिंह ने की, जबकि संचालन इमरान खान और वैद्य एस.के. पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष बिजेन्द्र यादव, सचिव पंकज कुमार पटेल, उपाध्यक्ष कामेन्द्र सिंह तथा केंद्रीय समिति सदस्य रासबिहारी राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। धरना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ, जीआरपी, एसआईबी और सीआईबी के जवान तैनात रहे।

धरना में आरा से लेकर बक्सर तक की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि रेल प्रशासन आम लोगों की समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रहा है। उन्होंने कहा कि इटाढ़ी गुमटी बंद रहने से बक्सर के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और समिति इस लड़ाई को अंतिम दम तक जारी रखेगी।

शाखा संयोजक वीरेंद्र ओझा ने रेल प्रशासन को 10 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर इटाढ़ी गुमटी नहीं खोली गई तो समिति उसी रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक पर बैठकर धरना-प्रदर्शन करेगी।





अध्यक्षीय संबोधन में सत्येन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि इटाढ़ी गुमटी को खुलवाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा। वहीं दानापुर मंडल के महामंत्री शैलेश ओझा ने कहा कि ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त होने के बाद आवागमन पहले से प्रभावित है और इटाढ़ी गुमटी भी बंद है। ऐसे में आम जनता की परेशानी को देखते हुए रेल प्रशासन को तत्काल गुमटी खोलनी चाहिए।

धरना-प्रदर्शन में अभिषेक महतो, लव कुमार सिंह, रामबाबू कुशवाहा, हरेराम ठाकुर, रामजी प्रसाद, तौकीर आलम, मो. हाशमी, जयप्रकाश चौबे, मनोज सिंह, मुक्तेश्वर पाण्डेय, अनिल सिंह समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। समिति ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu