Ad Code

चौसा नगर पंचायत में पेयजल व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज, नए वाटर स्टैंड पोस्ट लगाने का निर्णय


बक्सर । चौसा नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर पंचायत ने अहम पहल शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष किरण देवी की अध्यक्षता में आयोजित सशक्त एवं सामान्य बोर्ड की बैठक में जर्जर नल-जल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नया रोडमैप तैयार करने का निर्णय लिया गया। साथ ही विभिन्न वार्डों में आवश्यकता के अनुसार तत्काल नए वाटर स्टैंड पोस्ट लगाने की स्वीकृति प्रदान की गई।





बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने किया। पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के बाद मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत चार महत्वपूर्ण सड़क एवं नाला निर्माण योजनाओं को मंजूरी दी गई। इनमें वार्ड संख्या-4 में नगर पंचायत कार्यालय से स्टेशन रोड तक पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण, शेरशाहगढ़ से कर्मनाशा नदी तक सड़क एवं नाला, वार्ड 11 एवं 13 में मंटू राइस मिल से रामधीरज कोहार के घर होते हुए कनकनारायणपुर मध्य विद्यालय तक पीसीसी सड़क तथा वार्ड-12 में बक्सर-सासाराम मुख्य पथ से बाबा लिंक पथ होते हुए अखौरीपुर मध्य विद्यालय तक पीसीसी सड़क एवं नाला स्लैब निर्माण शामिल हैं।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की सैरात बंदोबस्ती, नगर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के विस्तार एवं मरम्मत, होल्डिंग विज्ञापन एजेंसी के चयन, जलकर वसूली तथा नल-जल योजनाओं के प्रभावी संचालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार ₹15 लाख तक की विभागीय योजनाओं के निष्पादन पर भी सहमति बनी। इसके अलावा वृक्षारोपण अभियान और आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।



नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों के शीघ्र क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

बैठक में उप मुख्य पार्षद सरिता देवी, वार्ड पार्षद हृदय नारायण सिंह, छोटे लाल चौधरी, रंजू कुमारी, दिनेश यादव, ललिता देवी, शैल देवी, नयनतारा देवी, चंदन चौधरी, साजिदा, पार्वती देवी, आनंद कुमार रावत, स्वच्छता पदाधिकारी मो. अरसद हैदर नकवी, प्रधान लिपिक सत्य प्रकाश सहित नगर पंचायत के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu