Ad Code

धान रोपनी के बीच बिजली संकट से जूझ रहे मसहरियां पंचायत के किसान, जल्द समाधान की उठाई मांग


बक्सर । धान रोपनी के महत्वपूर्ण समय में चौगाई प्रखंड की मसहरियां ग्राम पंचायत के किसान बिजली संकट से जूझ रहे हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने, जर्जर विद्युत तार और अनियमित बिजली आपूर्ति से सिंचाई कार्य प्रभावित होने पर किसानों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। इस संबंध में भावी मुखिया एवं किसान प्रतिनिधि सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में दर्जनों किसानों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों को सौंपा गया है।





आवेदन में बताया गया है कि ओझाबराव, मसहरियां और फफदर गांव में कई ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं, जिससे किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। किसानों ने संबंधित स्थानों पर 25 केवी एवं 63 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने की मांग की है।

किसानों ने यह भी बताया कि मसहरियां गांव में बिजली के पोल लगाए जा चुके हैं, लेकिन अब तक एलटी तार नहीं लगाए गए हैं। वहीं कई स्थानों पर पुराने और जर्जर एलटी तार किसी भी समय टूटकर गिर सकते हैं, जिससे जान-माल की क्षति का खतरा बना हुआ है। उन्होंने जर्जर तारों को शीघ्र बदलने और नए तार लगाने की भी मांग की है।



किसानों का कहना है कि धान रोपनी के इस महत्वपूर्ण समय में बिजली की अनुपलब्धता के कारण सिंचाई बाधित हो रही है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अन्नदाताओं की इस गंभीर समस्या पर बिजली विभाग, जिला प्रशासन और अनुमंडल प्रशासन अब तक स्वतः संज्ञान क्यों नहीं ले रहा है।

भावी मुखिया सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलने, एलटी तार लगाने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन करने को विवश होंगे। आवेदन पर सुरेंद्र सिंह, मदन सिंह, विमल कुमार, राजेंद्र कुमार, अश्वनी कुमार, गोरख कुशवाहा, राम लायक सिंह, बद्री सिंह कुशवाहा, रिंकू कुमार, अरुण कुशवाहा, परशुराम सिंह, प्रमोद कुमार, हरेराम कुशवाहा, मुकेश कुमार, राजेश कुमार, तेज नारायण यादव, नंदजी यादव, रामचंद्र यादव, परवीन यादव उर्फ छोटक, अजय यादव, विजय बहादुर सिंह, भिखारी सिंह, रामध्यान सिंह, शिवध्यान सिंह, धर्मदेव सिंह सहित दर्जनों किसानों के हस्ताक्षर हैं।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu